राहुल गाँधी ने ‘वोट चोरी’ के बहाने ECI को धमकाया, कहा- सत्ता में आए तो कानून बदलकर कार्रवाई करेंगे: संसद में SIR पर चर्चा से खुद भागे अब शाह का नाम लेकर लगाए आरोप

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार (14 दिसंबर 2025) को कॉन्ग्रेस की ‘वोट चोरी’ रैली के दौरान राहुल गाँधी और प्रियंका गाँधी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर कई आरोप लगाए। रैली के बहाने राहुल गाँधी ने चुनाव आयोग (ECI) को धमकाने की कोशिश की। साथ ही केंद्रीय मंत्री अमित शाह को लेकर भी कमेंट किया।

राहुल गाँधी का सरकार और चुनाव आयोग पर आरोप

राहुल गाँधी ने चुनाव आयुक्तों के नाम लेकर उन पर बीजेपी के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया और यहाँ तक कहा कि सत्ता में आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा, “चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, सुखबीर सिंह, विवेक जोशी BJP के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। पीएम ने उनके लिए कानून बदला है। हम इस कानून को बदलेंगे और इन लोगों के खिलाफ एक्शन लेंगे।”

संसद में SIR पर चर्चा के दौरान निकलने वाले राहुल गाँधी ने कहा, “संसद में अमित शाह के हाथ काँप रहे थे। मैंने अमित शाह को चैलेंज किया कि पीसी पर चर्चा करते हैं। देश की जनता सत्य को समझती है। इनके हाथ से जैसे ही सत्ता जाएगी इनकी बहादुरी भी चली जाएगी। ये दो तीन अरबपतियों के लिए काम करते हैं।” साथ ही प्रियंका गाँधी ने मीडिया, न्यायपालिका और सरकारी संस्थाओं पर दबाव का आरोप लगाया और कहा कि वोट का अधिकार छीना जा रहा है।

कॉन्ग्रेस नेता के राहुल गाँधी के ये वही बयान है, जो वो हर रैली और मीडिया के सामने देते आए हैं। बीजेपी सरकार और चुनाव आयोग कई बार राहुल गाँधी के इन दावों को खारिज कर चुका है। इसके बावजूद राहुल गाँधी जनता को अपने झूठी दावे पेश कर भरोसा दिलाने की कोशिश में लगे हुए हैं। कॉन्ग्रेस की ‘वोट चोरी’ रैली भी इसी का हिस्सा है।

सबने देखा कि कैसे रैली में प्रधानमंत्री के खिलाफ ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे जहरीले नारे लगाए गए। इससे साफ हो गया कि यह रैली केवल सरकार-विरोधी है, सच और तथ्यों से इसका कोई लेना देना नहीं है।