कॉन्ग्रेस नेता राहुल गाँधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फिर एक बार ‘वोट चोरी’ का प्रोपेगेंडा आगे बढ़ाया। इस बार राहुल गाँधी ने हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव को निशाना बनाने की कोशिश की है। लेकिन राहुल गाँधी का हाइड्रोजन बम फिर फुस्स निकला, उनके द्वारा किए गए दावों में अब वे खुद घिरते जा रहे हैं।
राहुल गाँधी ने ‘H फाइल्स’ प्रेंजेन्टेशन में दावा किया है कि ब्राजील की किसी मॉडल के नाम पर हरियाणा में 22 वोट दर्ज हैं। मॉडल ने कभी सीमा, कभी स्वीटी और कभी सरस्वती बनकर वोट किया है। कॉन्ग्रेस ने जिस मॉडल की तस्वीर दिखाकर यह दावा किया है कि उसका असली नाम मैथ्यूज फरेरो (Matheus Ferroro) है।


जबकि आजतक के अनुसार, इस मॉडल का नाम मैथ्यूज फरेरो नहीं है बल्कि इस फोटो को खींचने वाले फोटोग्राफर का नाम मैथ्यूज फरेरो है। इस फोटो को Unsplash, Pexels पर फोटोग्राफर की प्रोफाइल पर देखा जा सकता है। ये फोटो अब कई रॉयल्टी फ्री इमेज एजेंसी पर मौजूद है। फोटो को ऑनलाइन ई-कॉमर्स वेबसाइट पर प्रोडक्ट के साथ इस्तेमाल किया गया है।

