‘तुम्हारे वालिद ने अल्लाह की शान में की है गुस्ताखी’: रायबरेली में सपा नेता इरफान ने हिंदू होटल संचालक को कहा- मस्जिद में माँगो माफी, 5 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के रायबरेली के सलोन इलाके में एक मामूली मजाक अचानक विवाद में बदल गया, जिसके बाद होटल संचालक और उसके परिवार को खुलेआम धमकियाँ दी गईं। सेंधियापुर स्थित होटल पहुँचे सपा नेता इरफान सिद्दीकी और इस्लामी भीड़ पर आरोप है कि उन्होंने होटल संचालक चंद्रभान मौर्य के परिवार को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी।

इरफान ने कहा, “तुम्हारे वालिद ने अल्लाह की शान में गुस्ताखी की है, उनको बुलाओ। “इसके बाद इस्लामी कट्टरपंथियों की भीड़ ने कहा, “माफी माँग लो, वरना नुकसान हो जाएगा।” पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान ‘सर तन से जुदा’ जैसी धमकियाँ भी दी गईं। पुलिस ने सपा नेता, मौलाना सहित पाँच कट्टरपंथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हिंदू परिवार पर सपा नेता ने मस्जिद जाकर माँफी माँगने का बनाया दबाव

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सेंधियापुर चौराहे पर स्थित होटल में चंद्रभान मौर्य और उसके मुस्लिम दोस्त के बीच हंसी-मजाक चल रहा था। आरोप है कि वहाँ बैठे एक अन्य व्यक्ति ने बातचीत को गलत तरीके से पेश करते हुए सोशल मीडिया पर प्रचारित कर दिया कि होटल संचालक के पिता ने अल्लाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है।

इसके बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली गईं और होटल के बहिष्कार की अपील होने लगी। इसके बाद सपा नेता इरफान सिद्दीकी दर्जनभर लोगों के साथ होटल पहुँचा और परिवार पर मस्जिद में जाकर माफी माँगने का दबाव बनाया। सोशल मीडिया पर भी कट्टरपंथी पोस्ट वायरल हुए, जिनमें लिखा गया, ‘जहाँ मिलें वहीं मारो।’

सपा नेता इरफान सहित पाँच आरोपितो को पुलिस ने पकड़ा

घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी आलोक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। जाँच में सामने आया कि दोनों दोस्तों के बीच सामान्य मजाकिया बातचीत हो रही थी और किसी मजहब के खिलाफ कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की गई थी। पुलिस के मुताबिक तीसरे व्यक्ति ने बातचीत को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया, जिसके बाद विवाद खड़ा हुआ।

होटल संचालक चंद्रभान मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने सपा नेता इरफान समेत पाँच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने इरफान सिद्दीकी, आरिफ, कैफ, सुहैल अख्तर और नफीस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एडिशनल एसपी ने कहा कि होटल संचालक को धमकाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।