जम्मू-कश्मीर में जमात-ए-इस्लामी के 200 ठिकानों पर छापेमारी, पुलिस हिरासत में एक और डॉक्टर: आतंक के खिलाफ कुलगाम से लेकर शोपियां तक सर्च ऑपरेशन जारी

दिल्ली ब्लास्ट के बाद पुलिस और जाँच एजेंसियों की आतंक के खिलाफ कार्रवाई तेज है। बुधवार (12 नवंबर 2025) को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी (JeI) के 200 ठिकानों पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस ने एक डॉक्टर को भी हिरासत में लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने कुलगाम से लेकर शोपियां जिले तक तलाशी अभियान चलाया हुआ है। कुलगाम और शोपियाँ में जमात-ए-इस्लामी के सदस्यों और ओवरग्राउंड वर्कर्स के स्थानों पर घेराबंदी कर ऑपरेशन शुरू किया है। पुलिस ने संगठन के सदस्यों के घरों और परिसरों में भी छापा मारा है।

छापेमारी में कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं। कई जमात सदस्यों से पूछताछ जारी है ताकि आतंक नेटवर्क की जड़ तक पहुँचा जा सके। पुलिस ने कुलगाम के एक और डॉक्टर को भी हिरासत में लिया है। इस डॉक्टर ने हाल ही में दो से तीन निजी गाड़ियाँ खरीदी है जबकि इसने तीन साल पहले ही नौकरी छोड़ दी है।