एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में 17 दिसंबर को किसान महापंचायत: प्रशासन ने धारा 163 किया लागू, इंटरनेट सेवाएँ बंद, राजस्थान के हनुमानगढ़ का मामला

राजस्थान के हनुमानगढ़ जंक्शन की धान मंडी में होने वाली महापंचायत को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में उतरे किसानों के कारण कलेक्टर खुशाल यादव ने पूरे जिले में धारा 163 लागू करने के आदेश दिए हैं, जो बुधवार (17 दिसंबर 2025) तक प्रभावी है। टिब्बी क्षेत्र में 18 नवंबर से यह धारा लागू है।

प्रशासन ने इंटरनेट सेवा को भी बंद करने का निर्णय लिया है। महापंचायत स्थल पर कलेक्ट्रेट परिसर पर बैरिकेडिंग की गई है और जिलेभर में 1400 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैक्टरों के शहर में प्रवेश पर रोक लगाई गई है, जबकि किसान संगठनों ने ट्रैक्टरों के साथ महापंचायत में शामिल होने की बात कही है। व्यापारियों ने महापंचायत के प्रभाव को देखते हुए अनाज की बिक्री भी रोक दी है।

संगरिया से विधायक एवं युवा कॉन्ग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने किसानों का समर्थन किया। माकपा नेता रामेश्वर वर्मा के अनुसार महापंचायत में करीब 20 हजार किसान पहुँच सकते हैं और राकेश टिकैत सहित कई राष्ट्रीय किसान नेता शामिल हो सकते हैं।

किसानों की प्रमुख माँग है कि एथेनॉल फैक्ट्री का MOU रद्द किया जाए और दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएँ। 10 दिसंबर की पिछली महापंचायत के दौरान आगजनी और हिंसा की घटनाएँ हुई थीं, जिसमें कई वाहन जल गए और कई लोग घायल हुए थे।