जयपुर के पुराने शहर में शुक्रवार (24 अक्तूबर 2025) की शाम गंगापोल क्षेत्र में स्थित एक घर में बना शीतला माता मंदिर ध्वस्त कर दिया गया। मंदिर तोड़े जाने की जानकारी मिलते ही इलाके में हंगामा मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व हिंदू संगठन मौके पर पहुँच गए।
बताया जा रहा है कि यह मंदिर निजी जमीन पर स्थित था। कुछ समय पहले जमीन के मालिक ने पूरी बिल्डिंग एक मुस्लिम व्यक्ति को बेच दी थी। शुक्रवार शाम नए मालिक ने बिल्डिंग को जर्जर बताते हुए जेसीबी मशीन से मंदिर समेत हिस्सा गिरा दिया। मंदिर टूटते ही स्थानीयों में गुस्सा फैल गया।
सूचना मिलने पर हवा महल विधायक स्वामी बालमुकुंद आचार्य मौके पर पहुँचे और इसे हिंदू आस्था पर हमला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब एक सुनियोजित साजिश के तहत किया जा रहा है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की माँग की। विवाद बढ़ने पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। फिलहाल इलाके में शांति है।

