बीजेपी में AAP के 7 सांसदों के विलय को सभापति ने दी मंजूरी, राज्यसभा में भाजपा MPs की संख्या बढ़कर हुई 113

आम आदमी पार्टी (AAP) को एक बड़ा झटका लगा है। राज्यसभा के सभापति और उप-राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने राघव चड्ढा, संदीप पाठक समेत AAP के 7 सांसदों को बीजेपी में शामिल होने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस मंजूरी के बाद राज्यसभा ने एक नया नोटिफिकेशन जारी किया है जिसमें बीजेपी सांसदों की लिस्ट में इन 7 नेताओं का नाम शामिल है। इसके बाद अब उच्च सदन में बीेजपी के सांसदों की संख्या बढ़कर 113 हो गई है जबकि AAP के केवल 3 सांसद बचे हैं।

AAP से BJP में शामिल होने वाले सांसद में राघव चड्ढा और संदीप कुमार पाठक के अलावा अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजेंद्र गुप्ता के नाम हैं।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी एक X पोस्ट कर सातों सांसदों का बीजेपी में स्वागत किया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “मैंने लंबे समय से देखा है कि इन 7 सांसदों ने कभी भी अपशब्दों का प्रयोग नहीं किया और न ही कभी अनुशासनहीनता या असंसदीय आचरण किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण करने वाले NDA में आपका स्वागत है और टुकड़े-टुकड़े भारत गठबंधन को अलविदा।”

शुक्रवार को राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने बीजेपी में शामिल होने की घोषणा की। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन्हें मिठाई खिलाकर पार्टी में स्वागत किया। AAP के सात सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के बाद अब पार्टी के पास राज्यसभा में केवल संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और संत बलबीर सिंह ही बचे हैं।