फैज-ए-इलाही मस्जिद में आतंकी उमर के पीछे दिखे संदिग्ध को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, 9MM के कारतूस बरामद: हथियार की तलाश जारी

दिल्ली के लालकिला ब्लास्ट जाँच में शनिवार (15 नवंबर 2025) को खुफिया एजेंसियों ने एक और संदिग्ध को हिरासत में लिया है। एजेंसियों ने उन CCTV फुटेज की एक बार फिर बारीकी से पड़ताल की, जिनमें आतंकी उमर नबी को ब्लास्ट से कुछ घंटे पहले सेंट्रल दिल्ली की फैज-ए-इलाही मस्जिद में दाखिल होते देखा गया था।

लगभग 15 मिनट की इस विजिट के दौरान उमर कई बार पीछे मुड़कर किसी को देखते हुए नजर आया। फुटेज का विश्लेषण करने पर एजेंसियों को एक और व्यक्ति दिखाई दिया, जो नीले कपड़ों में उमर के पीछे-पीछे चलता हुआ मस्जिद में प्रवेश करता है।

इसी आधार पर 49 वर्षीय एक व्यक्ति को पुरानी दिल्ली से हिरासत में लिया गया है और अब उससे खुफिया एजेंसियाँ संयुक्त पूछताछ कर रही हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों के बीच कोई संबंध था या महज संयोग।

ब्लास्ट साइट से 9mm कारतूस बरामद, हथियार गायब

इस बीच जाँच टीम को विस्फोट स्थल से तीन 9mm कारतूस मिले हैं, जिनमें दो लाइव राउंड हैं और एक खाली खोल। यह महत्वपूर्ण इसलिए है क्योंकि 9mm राउंड प्रायः सुरक्षा बलों के हथियारों में उपयोग होते हैं। लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया कि वहाँ ड्यूटी पर मौजूद किसी भी पुलिसकर्मी के हथियार से एक भी राउंड गायब नहीं है।

साथ ही स्थल से कोई पिस्टल या हथियार का हिस्सा नहीं मिला, जिससे यह सवाल और गहरा हो गया है कि ये कारतूस वहाँ आए कैसे। क्या कोई और व्यक्ति घटनास्थल तक पहुँचा था, या कार में ही यह सामान रखा गया था, इस पर जाँच तेज कर दी गई है।