पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के बाद शनिवार (2 मई 2026) को 15 बूथों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है। चुनाव आयोग ने मतदान के दौरान गड़बड़ी और ईवीएम से जुड़ी शिकायतों के बाद यह फैसला लिया था। दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर दोबारा वोटिंग हो रही है।
चुनाव आयोग के मुताबिक वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू है और शाम 6 बजे तक होगी। पुनर्मतदान के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और केंद्रीय बलों की निगरानी में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
#WATCH | West Bengal Elections Re-polling | A long queue of voters at booth number 194, Haridevpur Primary School, in Diamond Harbour constituency of South 24 Parganas.
— ANI (@ANI) May 2, 2026
Police and other security personnel are deployed here. pic.twitter.com/wzPi7hK8mU
हरिदेवपुर प्राइमरी स्कूल स्थित बूथ संख्या 194 पर बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए पहुँचे। आयोग ने जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58(2) के तहत इन बूथों पर 29 अप्रैल 2026 को हुए मतदान को निरस्त करते हुए पुनर्मतदान के आदेश जारी किए।
अधिकारियों के अनुसार, अब तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है और मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। वहीं फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान को लेकर फैसला संबंधित रिपोर्ट मिलने के बाद लिया जाएगा।
गौरतलब है कि भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी और दिलीप घोष ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। भाजपा की ओर से दावा किया गया था कि डायमंड हार्बर और फाल्टा के कुछ अन्य बूथों पर भी दोबारा मतदान कराया जाना चाहिए था।

