बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएँ थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला राजबाड़ी जिले के सदर उपजिला से सामने आया है, जहाँ एक हिंदू युवक की जानबूझकर गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने वाहन मालिक अबुल हाशेम को गिरफ्तार किया है, जो बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की राजबाड़ी जिला इकाई का पूर्व कोषाध्यक्ष बताया जा रहा है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय रिपन साहा के रूप में हुई है। वह राजबाड़ी के गोलांदा मोड़ के पास स्थित करीम फिलिंग स्टेशन में काम करता था। यह घटना शुक्रवार (15 जनवरी 2026) को उस समय हुई जब एक वाहन चालक ने पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाया, लेकिन भुगतान करने से इनकार कर दिया।
रिपन साहा ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो चालक ने जानबूझकर वाहन उसकी ओर बढ़ा दिया और उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद वाहन को जब्त कर लिया गया है।
गाड़ी चला रहे कमाल हुसैन को भी बानिभान निपारा गाँव से हिरासत में लिया गया है। राजबाड़ी सदर पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी खोंडकर जियाउर रहमान ने कहा कि यह कोई सड़क हादसा नहीं, बल्कि स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहन जाँच की जा रही है।

