RJD MLA फतेह बहादुर सिंह पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, देवी-देवताओं के खिलाफ बयान और विकास न करने पर गाँव से भगाया: बिहार के रोहतास का मामला

बिहार के रोहतास जिले के डेहरी इलाके में शनिवार (11 अक्टूबर 2025) को RJD विधायक फतेह बहादुर सिंह को अपनी ही जनता ने करारा जवाब दिया। जनसंपर्क यात्रा के बहाने चिलबिला गाँव पहुँचे विधायक को ग्रामीणों ने घेर लिया और ‘विधायक वापस जाओ’ के नारे लगाने लगे।

जानकारी के मुताबिक, लोग इतने गुस्से में थे कि विरोध बढ़ गया, धक्का-मुक्की हुई और विधायक को भागना पड़ा। भागते वक्त भगदड़ में उनकी गाड़ी से एक ग्रामीण को धक्का लग गया, जो घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले पाँच सालों में विधायक ने गाँव में सड़क, नाली या कोई बुनियादी काम नहीं किया। सड़कें टूटी-फूटी हैं, पानी की दिक्कत है, लेकिन विधायक कहीं नजर नहीं आते। ऊपर से फतेह बहादुर सिंह ने कई बार हिंदू देवी-देवताओं पर विवादित बातें कही हैं। माँ दुर्गा को काल्पनिक बताया, मंदिरों को अंधविश्वास का रास्ता कहा। इससे लोगों की धार्मिक भावनाएँ चुभ गईं। पहले भी ऐसे बयानों पर हिंदू संगठनों ने विरोध किया था, पुतला फूँका था।

यह घटना बिहार चुनाव 2025 के बीच हुई है, जहाँ विकास और आस्था के मुद्दे गरम हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर काम नहीं हुए तो वोट नहीं देंगे। विधायक के समर्थक चुप हैं, लेकिन इलाके में चर्चा जोरों पर है। यह दिखाता है कि जनता अब बयानबाजी से ऊपर काम माँग रही है।