चुन-चुनकर छापीं पुतिन विरोधी खबरें, सब जानकारी गलत दी: रूसी एंबेसी ने पाकिस्तानी अखबार ‘फ्रंटियर पोस्ट’ को लताड़ा, पोल खोलकर बताया ‘वाशिंगटन’ कनेक्शन

पाकिस्तान अपनी हरकतों के कारण आए दिन विदेशों में लताड़ खाता है। इस बार उसे आड़े हाथों रूस ने लिया है। इस्लामाबाद स्थित रूस के दूतावास ने पाकिस्तानी अंग्रेजी अखबार ‘फ्रंटियर पोस्ट’ पर रूस-विरोधी लेख प्रकाशित करने का आरोप लगाया है।

दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि पाकिस्तानी अखबार में लगातार ऐसे लेख छप रहे हैं जो रूस और उसकी नीतियों को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत करते हैं।

दूतावास ने यह भी उजागर किया कि यह अखबार खुद को पाकिस्तानी बताता है लेकिन इसका एडिटोरियल सेंटर वाशिंगटन से चालू होता है। अखबार में जानबूझकर ऐसे लेख छापे जाते हैं जो रूस के विरोधियों के पक्ष में और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विरोध में होते हैं। दूतावास ने अपने विश्लेषण के बाद यह भी कहा कि पिछले कुछ माह में तो रूस पर एक भी सकारात्मक या निष्पक्ष लेख नहीं छपा है।

अखबार में अफगानिस्तान से जुड़ी खबरों को तो जगह दी गई मगर 7 अक्टूबर 2025 को हुई ‘मॉस्को फॉर्मेट ऑफ कंसल्टेशन’ बैठक को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। अखबार में ऐसे दिखाया गया जैसे रूस की अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है जबकि सच्चाई यह है कि 2024 में रूस की जीडीपी 4.1 प्रतिशत बढ़ी और बेरोजगारी दर 2.5 प्रतिशत रही, जबकि 2025 के लिए विकास दर का अनुमान 6.5 से 7 प्रतिशत है।

पाकिस्तानी अखबार की सारी हरकत को उजागर करते हुए दूतावास ने अन्य मीडिया संगठनों से निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने की अपील की। साथ ही सलाह दी कि वे विदेशी हितों से प्रेरित स्रोतों पर निर्भर न रहें।