’17 साल तक अपमानित किया, अब भगवा की जीत हुई’: मालेगाँव धमाके से बरी होने को साध्वी प्रज्ञा ने बताया हिंदुत्व की जीत, कहा- मेरा जीवन बर्बाद हो गया

मालेगाँव ब्लास्ट 2008 मामले में NIA की विशेष अदालत ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर समेत सभी 7 आरोपितों को बरी कर दिया है। इस पर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि षडयंज्ञ के तहत भगवा को बदनाम किया गया, आज हिंदुत्व की जीत हुई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, “कोर्ट के फैसले के बाद साध्वी प्रज्ञा ने जज से अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने कहा, “मैंने शुरू से ही कहा है कि जिन्हें भी जाँच के लिए बुलाया जाता है, उसके पीछे कोई आधार होना चाहिए। मुझे जाँच के लिए बुलाया गया और गिरफ्तार कर प्रताड़ित किया गया। इससे मेरा पूरा जीवन बर्बाद हो गया। मैं एक साधु का जीवन जी रही थी, लेकिन मुझे फँसा दिया और मुझ पर आरोप लगाए गए।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं जीवित हूँ क्योंकि मैं एक संन्यासी हूँ। उन्होंने एक षड्यंत्र के तहत भगवा को बदनाम किया। आज भगवा की जीत हुई है, हिंदुत्व की जीत हुई है और जो दोषी हैं उन्हें भगवान सजा देंगे। हालाँकि, जिन्होंने भारत और भगवा को बदनाम किया, वे आपके (जज) द्वारा गलत साबित नहीं हुए हैं।”

दरअसल, मालेगाँव ब्लास्ट 2008 मामले में कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए सभी आरोपितों को बरी कर दिया। कोर्ट ने कहा कि आरोपों की पुष्टि नहीं हो पाई है।