Thursday, June 19, 2025

आजतक का दावा- शाहिद ने किया सैफ अली खान पर चाकू से हमला, मुंबई पुलिस बोली- केस में अभी नहीं हुई कोई गिरफ्तारी

मुंबई पुलिस ने एक्टर सैफ अली खान के घर में घुस कर उनपर हमला करने वाले कथित हमलावर को पकड़ लिया है। आज तक के मुताबिक, पकड़े गए हमलावर का नाम शाहिद है। उस पर पहले से 4-5 केस पहले से दर्ज हैं।

मुंबई पुलिस अभी शाहिद से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि हमले के समय करीना कपूर घर पर नहीं थी। जानकारी के मुताबिक, वो हमले वाली रात को 1.37 बजे सीसीटीवी में भी कैद हुआ है, जिसमें वो सीढ़ियों के सहारे ऊपर जाता दिख रहा है। बता दें कि सैफ का घर 12वीं मंजिल पर है।

इससे पहले जानकारी आई थी कि वो शाहरूख खान के घर में भी घुसने की फिराक में था, हालाँकि वो सफल नहीं हो पाया।

वहीं, सैफ के बेटे जहाँगीर की नैनी ने बताया था कि हमलावर ने कमरे में घुसकर उसे चुप रहने को कहा था और 1 करोड़ रुपए देने की माँग की थी। नैनी ने जब जहाँगीर को बचाने की कोशिश की, तो उसने ब्लेड से हमला कर दिया था। उसी ने सैफ को भी चोट पहुँचाई और फिर फरार हो गया।

अपडेट- सैफ अली खान पर हमला करने वाले की गिरफ्तारी की खबरों पर मुंबई पुलिस का भी बयान आया है। पुलिस का कहना है कि अभी इस केस में कोई पकड़ा नहीं गया है, पुलिस ने जिसे पहले हिरासत में लिया था, उसका इस केस से लेना-देना नहीं हैं।