हर समय छुपा रहा, बस एक गलती से पकड़ में आ गया दाऊद का करीबी सलीम डोला: जानिए इस्तांबुल में कैसे ट्रेस हुई लोकेशन, भारत में चल रही पूछताछ

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लंबे समय से फरार चल रहे गैंगस्टर सलीम डोला को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। जाँच में सामने आया है कि उसकी गिरफ्तारी के पीछे एक वजह कूरियर था।

डोला ने अपने छिपने के ठिकाने पर एक कूरियर मंगवाया था। यही कूरियर उसकी लोकेशन का अहम सुराग बन गया। जाँच एजेंसियों ने इस डिलीवरी को ट्रैक किया और इसके जरिए उसकी सही लोकेशन तक पहुँच गईं।

सलीम डोला को दाऊद इब्राहिम का करीबी माना जाता है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। वह तुर्की के इस्तांबुल में बेहद लो-प्रोफाइल तरीके से रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह न के बराबर बाहर निकलता था और डिजिटल दुनिया से पूरी तरह दूरी बनाए हुए था, ताकि उसकी पहचान उजागर न हो सके।

भारतीय एजेंसियों ने इंटरपोल के साथ मिलकर जानकारी साझा की जिसके बाद इस्तांबुल में स्थानीय पुलिस ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो उसे भारत लेकर आई है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और उसके ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।