बिहार में नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बीजेपी के नेता सम्राट चौधरी राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। मंगलवार (14 अप्रैल 2026) को पटना में हुई बीजेपी विधानमंडल दल की बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया है। सम्राट चौधरी बुधवार (15 अप्रैल 2026) को राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा था जिसका सभी मौजूद लोगों ने समर्थन किया। सम्राट ने अपने नाम के ऐलान के बाद कहा है कि यह उनके लिए पद नहीं बल्कि एक अवसर है। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है।
सम्राट ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूँ। आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।”
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए #भाजपा_बिहार_विधानमंडल_दल के #नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) April 14, 2026
यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। मैं… pic.twitter.com/s4w1rlR2DU
इससे पहले नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मिलकर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा था। 20 साल तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने अपने इस्तीफे के बाद X पर एक विदाई संदेश भी पोस्ट किया था।
नीतीश कुमार ने लिखा, “24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एन०डी०ए० सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है।”
उन्होंने लिखा, “हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है। इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। अगले पाँच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा।”
नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘नमन’ करते हुए लिखा, “बिहार के विकास में केंद्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा। हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। अब नई सरकार यहाँ का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।”

