सऊदी अरब के पूर्वी तट पर स्थित रास तनुरा में रविवार (28 जून 2026) की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। दुनिया की सबसे बड़ी तेल निर्यातक कंपनी ‘सऊदी अरामको’ का एक हेलीकॉप्टर अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी 14 लोगों की मौत हो गई है। सरकारी समाचार एजेंसी ‘सऊदी प्रेस एजेंसी’ (SPA) के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी लोग सऊदी अरब के ही नागरिक थे। यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 6 बजे (0300 GMT) पर हुई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस रास तनुरा इलाके में यह हादसा हुआ है, वह पश्चिम एशियाई क्षेत्र की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी का घर है और इसका संचालन सऊदी अरामको द्वारा किया जाता है। अभी तक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित अधिकारियों ने हादसे की वजह तलाशने के लिए एक उच्च स्तरीय और पूर्ण जाँच शुरू कर दी है। हालाँकि इस घटना को लेकर अभी तक सऊदी अरामको की ओर से कोई आधिकारिक ईमेल प्रतिक्रिया या विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।
इस दुखद घटना पर सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएँ प्रकट की हैं। ऊर्जा मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “ऊर्जा मंत्रालय मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सच्ची सहानुभूति व्यक्त करता है। हम प्रार्थना करते हैं कि वह उन्हें अपनी दया और क्षमा प्रदान करें और उन्हें शहीदों में स्वीकार करें। वास्तव में हम अल्लाह के हैं और हमें उसी की ओर लौटकर जाना है।”
यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब अरामको ने करीब चार महीने से बंद पड़े अपने रास तनुरा टर्मिनल पर पिछले शुक्रवार (26 जून 2026) को ही कच्चे तेल की लोडिंग दोबारा शुरू की थी। दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध को रोकने के लिए होने वाले एक अंतरिम समझौते से पहले, मध्य पूर्व के उत्पादकों ने तेल और गैस का उत्पादन और निर्यात बढ़ा दिया है। ऐसे में दुनिया का सबसे बड़ा तेल निर्यातक देश सऊदी अरब भी अपनी खेप को तेजी से आगे बढ़ाने की होड़ में जुटा हुआ है।

