भूमि विवाद में 2 बार ठोक दिया SC/ST का केस, हार्ट अटैक से पिता मर गए: बिहार के युवक ने डिप्टी CM को सुनाई व्यथा, कहा- माँ बीमार, पत्नी को दी गालियाँ

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा से एक युवक ने आपबीती सुनाई। युवक पर दो बार SC/ST एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। केस लड़ते-लड़ते युवक ने अपने पिता को हार्ट अटैक में खो दिया। युवक की माता की ओपन हार्ट सर्जरी करवानी पड़ी। यहाँ तक कि युवक की माता और पत्नी पर भी अभद्र टिप्पणी की गई। युवक ने उपमुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।

सामने आए एक वीडियो में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा जनसुनवाई कर रहे हैं। विजय सिन्हा कहते हैं कि SC/ST एक्ट को सुरक्षा के तौर पर इस्तेमाल करना चाहिए था, लेकिन अब दुरुपयोग हो रहा है। वीडियो में लाचार युवक रोते हुए अपनी बात उपमुख्यमंत्री से कहते हैं, “बहुत लाचार हैं। SC-ST एक्ट के चक्कर काटते-काटते पिता जी हार्ट अटैक कर गए, माँ बहुत बीमार है, उसकी ओपन हार्ट सर्जरी करवाए हैं, घर में हम इकलौते लड़के हैं, हमको मारा गया, माँ-पत्नी पर अभद्र टिप्पणी की गई, 2 बार मेरे ऊपर SC-ST एक्ट लगाया गया।”

युवक की आपबीती सुन उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने तुरंत SP को जाँच के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अगर ऐसा होगा तो शरीफ लोग कहाँ जाएँगे। गौरतलब है कि सामने आया यह वीडियो एक हफ्ते पुराना बताया जा रहा है, लेकिन इस वीडियो से SC/ST एक्ट की जमीनी हकीकत साबित हो रही है।