बिहार के किशनगंज में तैनात SDPO गौतम कुमार पर आय से अधिक संपत्ति का मामला अब और भी सनसनीखेज हो गया है। जाँच के दौरान सबसे चौंकाने वाला खुलासा उनके घर में काम करने वाली नौकरानी पारो को लेकर हुआ है, जिसके पास करोड़ों की संपत्ति, लग्जरी गाड़ियाँ और आलीशान बंगले जैसी सुविधाएँ मिली हैं।
नौकरानी पारो की आलीशान जिंदगी, लाने के लिए सरकारी गाड़ी का भी इंतजाम
EOU की जाँच में पता चला कि पारो बेहद लग्जरी लाइफस्टाइल जी रही थी। वह करीब 35 लाख रुपए की महँगी कार से SDPO के घर काम करने आती-जाती थी। इसके अलावा उसे एक बुलेट बाइक भी गिफ्ट में मिली थी। कई बार उसे लाने-ले जाने के लिए सरकारी या निजी वाहन भी भेजे जाते थे।
एक घरेलू कामगार के लिए इस तरह की सुविधाएँ जाँच एजेंसियों को हैरान कर रही हैं। जाँच में यह भी सामने आया कि पारो ने पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में करीब एक करोड़ रुपए का बंगला बनवाया है। उसके पास लाखों रुपये के सोने के गहने होने की भी जानकारी मिली है। छापेमारी के बाद वह अपने परिवार के साथ फरार है।
SDPO की 80 करोड़ की बेनामी संपत्ति का पर्दाफाश
इस पूरे मामले के केंद्र में SDPO गौतम कुमार हैं, जिन पर करीब 80 करोड़ रुपए की बेनामी संपत्ति बनाने का आरोप है। EOU ने उनके कई ठिकानों पर छापेमारी कर जमीन के 36 दस्तावेज, निवेश से जुड़े कागजात, 60 लाख रुपए के गहने, महँगी घड़ियाँ और क्रेटा-थार जैसी लग्जरी गाड़ियाँ बरामद की हैं।
पूर्णिया में उनका करीब 2.5 करोड़ रुपए का आलीशान मकान और अन्य शहरों में निवेश भी जाँच के दायरे में है। जाँच एजेंसियाँ अब गौतम कुमार के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही हैं। उनकी पत्नी, गर्लफ्रेंड और अन्य रिश्तेदारों के नाम पर संपत्ति होने के सबूत मिले हैं।
गर्लफ्रेंड के घर से प्लॉट के कागजात, गहने और बैंक ट्रांजेक्शन के दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके अलावा नोएडा, गुरुग्राम और सिलीगुड़ी में निवेश और एक विधायक के साथ कथित साझेदारी की भी जाँच हो रही है।
सेवा काल में बना साम्राज्य, कार्रवाई तेज
गौतम कुमार 1994 बैच के पुलिस अधिकारी हैं और उन्होंने सीमांचल के कई जिलों में लंबा समय बिताया। इसी दौरान उन पर अवैध कमाई के आरोप लगे। 29 मार्च 2026 को उनके खिलाफ केस दर्ज होने के बाद EOU ने कई जगहों पर रेड की।
फिलहाल उन्हें पद से हटा दिया गया है और निलंबन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। EOU का कहना है कि यह जाँच अभी शुरुआती चरण में है और आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

