मणिपुर में विद्रोहियों के 21 बंकर ध्वस्त, भारी मात्रा में हथियार और IED बरामद: इसी इलाके में गोली से गई थी BSF जवान की जान

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने उग्रवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अवैध ठिकानों को ध्वस्त किया है। मणिपुर के उखरुल जिले में चलाए गए इस अभियान के तहत कुल 21 अवैध बंकरों को नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार, ये बंकर सशस्त्र उपद्रवियों द्वारा बनाए गए थे और क्षेत्र की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बने हुए थे।

अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान उखरुल जिले के लिटान थाना क्षेत्र के सिकिबंग और मोंगकोट चेपु गाँवों में चलाया गया। सिकिबंग गाँव में 14 जबकि मोंगकोट चेपु में 7 बंकरों को ध्वस्त किया गया। सुरक्षा बलों ने पहले सघन तलाशी अभियान चलाकर इन ठिकानों की पहचान की और फिर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया।

गौरतलब है कि हाल ही में इसी इलाके में सीमा सुरक्षा बल (BSF) का एक जवान गोली लगने से बलिदान हो गया था। पश्चिम बंगाल के रहने वाले इस जवान को मोंगकोट चेपु गाँव के पास ड्यूटी के दौरान गोली लगी थी। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है।

इसी बीच एक अन्य अभियान में तेंगनौपाल जिला के मोरेह क्षेत्र से हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई। तलाशी के दौरान 9 मिमी की दो पिस्तौल, मैगजीन और 13 IED मिले। सुरक्षा के मद्देनजर इन विस्फोटकों को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया।