पिपलेश्वर महादेव मंदिर की प्रतिमाओं को तोड़े जाने के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग: रोज पूजा करने वाली महिला रोते हुए बोली- जाँच के बाद ही वह अन्न जल ग्रहण करूँगी, राजस्थान के कोटा की घटना

राजस्थान के कोटा में एक पिपलेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिष्ठित मूर्तियों को खंडित करने का मामला सामने आया है। यहाँ शिव परिवार की प्रतिमाओं को खंडित करके उनकी पोशाक जला दी गई है। इसके विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया।

मंदिर दर्शन के लिए हर दिन आने वाली एक महिला मंदिर की अस्त-व्यस्त हालत को देखकर रोने लगी। उन्होंने कहा कि जब तक पता नहीं चलता कि किसने मंदिर की ये हालत की है, वह अन्न जल ग्रहण नहीं करेंगी।

घटना के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि असामाजिक तत्वों ने मंदिर में लगी प्रतिमाओं को तोड़ा है। हालाँकि अधिकारियों के मुताबिक, कुछ दिनों से मंदबुद्धि वाला एक व्यक्ति लगातार मंदिर के सामने नजर आ रहा था। उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है।

स्थानीय लोग दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की माँग कर रहे हैं। उनका कहना है कि किसी ने साजिश के तहत युवक का इस्तेमाल किया है या कोई और है, जिसने देवताओं की प्रतिमा तोड़ी है। इसका पता चलना चाहिए।

घटना के बाद स्थानीय विधायक मौके पर पहुँचे और पुलिस को जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। ये बात सामने आयी है कि मंदबुद्धि व्यक्ति सुबह करीब 6 बजे मंदिर के पास दिखा है। उसकी तलाश की जा रही है।