दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया के अमेज़न इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सोमवार (23 मार्च) को कोलंबियाई वायुसेना का एक हरक्यूलिस C-130 विमान उड़ान भरते ही हादसे का शिकार हो गया। इस भयानक दुर्घटना में अब तक कम से कम 66 लोगों की मौत हुई, जबकि दर्जनों लोग घायल हैं। विमान में कुल 125 लोग सवार थे और कई यात्री अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू टीमें जुटी हुई हैं।
कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा दक्षिणी कोलंबिया के पुटुमायो विभाग में स्थित प्यूर्टो लेगुइजामो के पास हुआ। बताया जा रहा है कि विमान ने जैसे ही रनवे से उड़ान भरी, वह मुश्किल से 1.5 किलोमीटर दूर जाकर गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मुताबिक, प्लेन उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद सीधे जमीन की तरफ गिरने लगा (नोजडाइव)। गिरने के दौरान विमान का एक पंख पेड़ से भी टकराया, जिससे धमाका और भीषण हो गया।
Atención: Un avión Hércules de la @FuerzaAereaCol se accidentó saliendo de La Tagua, Putumayo. 110 soldados iban a bordo. Ya han sido rescatados 20 militares heridos. Situación en desarrollo. Vía @BluRadioCo pic.twitter.com/Jgb4tw74aP
— Ricardo Ospina (@ricarospina) March 23, 2026
धमाकों ने बढ़ाई मुश्किल
बचाव कार्य में सबसे बड़ी बाधा विमान में मौजूद विस्फोटक और गोला-बारूद बने। चूंकि यह एक सैन्य परिवहन विमान था, इसलिए इसमें भारी मात्रा में हथियार ले जाए जा रहे थे। क्रैश के बाद इनमें धमाके शुरू हो गए, जिससे चारों तरफ आग फैल गई। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने मलबे से लोगों को निकालने की कोशिश की, लेकिन आग और धमाकों की वजह से घटनास्थल तक पहुँचना बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।
राष्ट्रपति ने जताई नाराजगी
इस हादसे के बाद कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने गहरा दुख जताया है। साथ ही, उन्होंने सैन्य साजो-सामान के आधुनिकीकरण में हो रही देरी पर कड़ा गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि सेना के पुराने पड़ रहे विमानों और हथियारों को बदलने के उनके आदेश में नौकरशाही बाधा बन रही है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर अब भी देरी हुई, तो जिम्मेदार अधिकारियों को पद से हटा दिया जाएगा।

