श्रीनगर पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में लोकसभा सांसद आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी और पूर्व मेयर जुनैद अजीम मट्टू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रुहुल्लाह और मट्टू दोनों ने ईरान से संबंधित प्रदर्शनों को लेकर पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा किए थे।
पुलिस का कहना है कि इन नेताओं द्वारा साझा की गई सामग्री का उद्देश्य जनता के बीच डर पैदा करना और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ना था। श्रीनगर पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्रवाई विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर की गई है।
जाँच में पाया गया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर जानबूझकर ऐसी असत्यापित सामग्री प्रसारित की गई, जिससे सामाजिक सद्भाव और शांति को गंभीर खतरा हो सकता था। पुलिस ने तर्क दिया है कि इस तरह के विकृत विमर्श समाज की स्थिरता को नुकसान पहुँचाते हैं।
कानूनी कार्रवाई के तहत दोनों नेताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 197(1)(d) और 353(1)(b) के तहत दो अलग-अलग एफआईआर (02/2026 और 03/2026) दर्ज की गई हैं।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों को सख्त चेतावनी दी है कि वे ऑनलाइन किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले विश्वसनीय स्रोतों से उसकी पुष्टि जरूर करें। पुलिस ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

