‘जूते भी वापस दे दो’: रजिस्ट्रार जनरल ने दिल्ली पुलिस से वकील पर एक्शन लेने से किया मना, 3 घंटे की पूछताछ के बाद छोड़ा गया CJI पर जूता फेंकने की कोशिश करने वाला वकील

दिल्ली पुलिस ने सोमवार (6 अक्टूबर 2025) को सुप्रीम भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) बीआर गवई पर जूता फेंकने की कोशिश करने वाले 71 वर्षीय अधिवक्ता राकेश किशोर से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें जाने दिया गया। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया था।

‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, रजिस्ट्रार जनरल ने पुलिस से यह भी कहा कि वकील के जूते और दस्तावेज उसे वापस कर दिए जाएंँ। दिल्ली पुलिस की सुरक्षा इकाई और नई दिल्ली जिला पुलिस के अधिकारियों ने रजिस्ट्रार जनरल की अनुमति के बाद अधिवक्ता से पूछताछ की थी।

पुलिस ने बताया कि राकेश किशोर के पास से एक सफेद कागज पर लिखा नोट बरामद हुआ है, जिस पर लिखा था, “मेरा संदेश हर सनातनी के लिए है…सनातन धर्म का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।”

पूछताछ के दौरान पुलिस ने किशोर से उनके इस कदम के पीछे की वजह पूछी। सूत्रों के अनुसार, अधिवक्ता ने दावा किया कि वह मुख्य न्यायाधीश की हालिया टिप्पणी से नाराज था जो खजुराहो मंदिर परिसर में भगवान विष्णु की प्रतिमा की स्थापना से जुड़ी एक याचिका की सुनवाई के दौरान दी गई थी।