स्विट्ज़रलैंड के स्की रिसॉर्ट क्रांस-मोंटाना में स्थित ले कॉन्स्टेलेशन बार में हुए धमाके में अब तक 40 लोगों के मौत की खबर है जबकि 100 से ज्यादा घायल हैं। धमाका करीब 31 दिसंबर 2025 की रात करीब 1:30 बजे हुआ। विस्फोट के समय बार में कई सौ लोग मौजूद थे। यहाँ तक कि बार के बाहर भी भीड़ लगी हुई थी। ये बार स्विटजरलैंड में काफी मशहूर है और यहाँ रईसों की पार्टियाँ होती है। नए साल के स्वागत के लिए भी लोग यहाँ जश्न मनाने जुटे थे।
पुलिस के मुताबिक, धमाके में कई दर्जन लोग मारे गए हैं और करीब 100 लोग घायल हुए हैं। हालाँकि स्विस पुलिस ने कहा है कि 40 मौतें हुई हैं। अधिकारियों ने कहा है कि धमाके से जो प्रभावित हुए हैं, वे अलग-अलग देशों के हैं। यह पता लगाने में समय लगेगा कि कौन मारे गए हैं और कौन घायल हुए हैं, और वे कहाँ से हैं।
अधिकारियों ने आगे कहा कि कई पीड़ित गंभीर रूप से झुलस गए हैं। लोकल अस्पतालों के इंटेंसिव केयर यूनिट में जगह नहीं बची थी, इसलिए कुछ मरीज़ों को अर्जेंट केयर के लिए दूसरे अस्पतालों में ट्रांसफर करना पड़ा है। हालाँकि पुलिस ने कन्फर्म किया कि ये आतंकी हमला नहीं था। इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया है और क्रैन्स-मोंटाना के ऊपर नो-फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है।
कुछ चश्मदीदों ने पूरी घटना की आँखोंदेखी बयान की है। बताया कि कैसे धमाका होने के बाद पूरी छत आग के लपेटे में आ गई और वोग बचने के लिए चीखने-चिल्लाने लगे। लोगों ने बचने के लिए वहाँ खिड़की-दरवाजे भी तोड़ने की कोशिश की, लेकिन आग फैलने के साथ बदतर होते गए।
फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने कहा कि जाँच जारी है और फॉरेंसिक टीमें मौके से सबूत जुटा रही हैं। शुरुआती जाँच के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा है कि धमाका बार में आयोजित कॉन्सर्ट के दौरान हुई आतिशबाजी से हुआ।

