टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आयोजन को लेकर आईसीसी (ICC) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच तनातनी चरम पर पहुँच गई है। मंगलवार (13 जनवरी 2026) को हुई एक अहम वीडियो कॉन्फ्रेंस बैठक में ICC ने बांग्लादेशी बोर्ड को जमकर लताड़ लगाई।
बैठक में जब BCB ने सुरक्षा का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत भेजने से फिर से इनकार किया, तो आईसीसी ने साफ कह दिया कि टूर्नामेंट का शेड्यूल पहले ही तय हो चुका है और अब इसमें कोई भी बदलाव मुमकिन नहीं है।
जानकारी के अनुसार, बैठक में बांग्लादेश बोर्ड के अध्यक्ष एमडी अमीनुल इस्लाम ने माँग रखी कि उनके मैच भारत से बाहर किसी दूसरे देश में कराए जाएँ। हालाँकि, ICC इस दलील से सहमत नहीं दिखी। जानकारों का कहना है कि यह विवाद तब से बढ़ा है जब IPL टीम केकेआर (KKR) ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था, जिसके बाद से बांग्लादेश ने भारत यात्रा को लेकर अड़ियल रुख अपना रखा है।
7 फरवरी 2026 से शुरू होने वाले इस वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को अपने शुरुआती तीन मैच कोलकाता और आखिरी लीग मैच मुंबई में खेलना है। ICC ने BCB को अपने फैसले पर दोबारा विचार करने की हिदायत दी है और चेतावनी दी है कि वे तैयारियों में बाधा न डालें।

