बरेली हिंसा में पुलिस पर फायरिंग करने वाले ताजिम का एनकाउंटर, पैर में मारी गोली: अब तक साजिशकर्ता तौकीर रजा समेत 73 धरे गए

उत्तर प्रदेश के बरेली में जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा में पुलिस अब तक 73 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसी कड़ी में पुलिस पर गोली चलाने वाला ताजिम भी एनकाउंटर में पकड़ा गया है। हिंसा के वक्त ताजिम ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग की थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने ताजिम के पैर में गोली मारी और उसे गिरफ्तार कर लिया। ताजिम के पास से एक तमंचा, चार कारतूस और एक बाइक बरामद की गई। ताजिम को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पकड़ा। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि ताजिम जिला छोड़ने की फिराक में था।

बरेली SP सिटी मानुष पारीख ने बताया कि ताजिम को मिलाकर बरेली हिंसा में अब तक कुल 73 गिरफ्तारी हो गई हैं। सिर्फ मंगलवार (30 सितंबर 2025) को ही पुलिस ने 17 आरोपितों को पकड़ा है।