आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में एलामंचिली के पास सोमवार तड़के टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस ट्रेन में भीषण आग लग गई। यह हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ, जब ट्रेन दु्व्वाडा के बाद गुजर रही थी। आग पैंट्री कार से शुरू होकर आसपास के B-1 और M-2 AC कोचों में फैल गई। लोको पायलट ने धुआँ देखते ही ट्रेन रोकी और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में विजयवाड़ा निवासी 70 वर्षीय चंद्रशेखर सुंदर की मौत हो गई। वे B-1 कोच में यात्रा कर रहे थे और आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए। दोनों कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जिसमें यात्रियों का सारा सामान नष्ट हो गया। अफरा-तफरी में कई यात्री घबराकर ट्रेन से कूदे, लेकिन ज्यादातर सुरक्षित बच गए।
#UPDATE | Anakapalli, Andhra Pradesh | One passenger died in the fire incident: Anakapalli SP Tuhin Sinha https://t.co/dvsWIlDf8B
— ANI (@ANI) December 29, 2025
दमकल विभाग की टीमें अनाकापल्ली, एलामंचिली और नक्कापल्ली से पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए और प्रभावित यात्रियों को बसों से समरलाकोटा स्टेशन ले जाकर नए AC कोच जोड़े गए। वहीं, जले कोच अलग कर ट्रेन को एर्नाकुलम रवाना किया गया।
इस घटना से विशाखापत्तनम-विजयवाड़ा रूट पर कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। करीब 2000 यात्री ठंड में घंटों फंसे रहे। रेलवे ने जाँच के आदेश दे दिए हैं और आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया गया है।

