एशिया कप और टीम इंडिया का मेडल लेकर भाग गया पाकिस्तान, पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और सेना को अपनी मैच फीस देंगे भारतीय कप्तान

भारत ने एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को धूल चटाते हुए 9वीं बार खिताब अपने नाम कर लिया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर टीम इंडिया को बधाई दी और इसे ऑपरेशन सिंदूर से जोड़ा। वहीं टीम इंडिया ने पाकिस्तानी मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। टीम इंडिया ने साफ कर दिया कि जब तक नकवी स्टेज पर रहेंगे, टीम इंडिया नहीं जाएगी। इसके बाद नकवी ट्रॉफी लेकर अपने होटल चले गए। इस पर बीसीसीआई ने कड़ी आपत्ति दर्ज की है।

पाकिस्तान की हार की हैट्रिक

टीम इंडिया ने एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को लगातार तीन बार हराया। फाइनल के हीरो रहे तिलक वर्मा जिन्होंने शानदार बैटिंग करते हुए 53 गेंदों में 69 रन बनाए। इसमें 4 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। वहीं कुलदीप यादव ने शानदार बॉलिंग करते हुए 4 विकेट झटके। टॉस हारकर बैटिंग करने पहुँची पाकिस्तान की टीम146 रन बना सकी। वहीं टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने दो गेंद रहते ही 148 रन बना लिए। मैच में शिवम दुबे के 33 रन भी अहम रहे।

पीएम मोदी ने दी टीम को बधाई

भारतीय टीम की शानदार जीत के बाद बधाईयों का तांता लग गया। पीएम मोदी ने ट्वीट कर इसे ऑपरेशन सिंदूर से जोड़ा। पीएम मोदी ने अपने पोस्‍ट में कहा कि खेल के मैदान में ‘ऑपरेशन सिंदूर’। नतीजा समान। भारत जीता। इंडिया की जीत के साथ ही देश भर के अलग-अलग इलाकों में लोगों ने जश्‍न मनाया. वहीं कई राजनेताओं ने भी जीत पर टीम इंडिया को बधाई दी।

पूरी फीस सेना और पहलगाम के पीड़ितो को देंगे सूर्या

जीत के बाद टीम के कप्तान सूर्या कुमार यादव ने कहा कि वे टूर्नामेंट से प्राप्त अपनी पूरी मैच फीस देश की सेना और पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों के परिवारों को दान कर देंगे। फाइनल मुकाबले में शानदार जीत के बाद उन्होंने ये घोषणा की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि उन्होंने इस टूर्नामेंट से अपनी मैच फीस को हमारे सशस्त्र बलों को समर्थन देने और पहलगाम आतंकी हमले में पीड़ित हुए परिवारों की मदद के लिए दान करने का फैसला किया है। आप हमेशा मेरे विचारों में रहते हैं। जय हिंद।

मोहसिन के हाथों से ट्रॉफी नहीं ली टीम इंडिया ने

इससे पहले जीत दर्ज करने वाली टीम इंडिया ने स्टेज पर चढ़ने से मना कर दिया। टीम का कहना था कि एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी पाकिस्तान के मंत्री भी हैं। इसलिए खिलाड़ी किसी पाकिस्तानी के हाथ से ट्रॉफी नहीं लेंगे। इससे पहले के दो मैचों में भी भारत ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हैंडशेक नहीं किया था। दोनों टीमों के कप्तान मैदान में टॉस के लिए उतरे, लेकिन मुँह फेर लिया था। पहले मैच में तो पाकिस्तानी टीम मैदान में इंतजार करती रह गई। टीम इंडिया उनसे हैंडशेक करने नहीं पहुँची थी। इसको लेकर पाकिस्तान ने मैच रेफरी को हटाने की माँग भी की थी, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया था।

फाइनल में जब टीम इंडिया ट्रॉफी लेने स्टेज पर नहीं पहुँची। टीम ने साफ मना कर दिया कि वह पाकिस्तानी सरकार के मंत्री से ट्रॉफी नहीं लेंगे। इसके बाद मोहसिन नकवी ट्रॉफी देने की जिद पर अड़ा रहा और स्टेज से नहीं उतरा। इसके बाद होस्ट ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम आज रात अपने पुरस्कार नहीं ले पाएगी। भारत ने एसीसी से कहा था कि उन्हें एमिरेट्स बोर्ड के उपाध्यक्ष खालिद अल जरोनी से ट्रॉफी लेने में कोई दिक्कत नहीं है। हालाँकि मोहसिन नकवी एसीसी अध्यक्ष होने के नाते ट्रॉफी देने पर अड़ा रहा और इसी वजह से टीम इंडिया ने मेडल और ट्रॉफी लेने से इंकार कर दिया।

ट्रॉफी लेकर होटल भागा नकवी

भारतीय टीम के ट्रॉफी लेन से इनकार करने के बाद मोहसिन नकवी ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी। वह ट्रॉफी लेकर अपने होटल चला गया। भारतीय टीम की ट्रॉफी और मेडल वह अपने होटल के रूम में रातभर रखा। इस पर बीसीसीआई ने कड़ी आपत्ति दर्ज की है। BCCI ने सेक्रेटरी देवजीत साइकिया का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम अगर उनके हाथों से ट्रॉफी नहीं लेना चाहती तो इसका ये मतलब नहीं कि वो उसे अपने होटल में लेकर चले जाएँ। उनका ऐसा करना खेल भावना के खिलाफ है।