तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में कानून और इंसानियत को शर्मसार करने वाली बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ पॉक्सो एक्ट के तहत जेल जा चुका एक बलात्कारी जमानत पर बाहर आते ही खून का प्यासा हो गया।
उसने बदले की आग में अंधा होकर एक ही रात में छह लोगों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। इस दिल दहला देने वाले सामूहिक हत्याकांड से पूरे इलाके में हाहाकार मच गया है। घटना की भयावहता को देखकर लोगों में भारी गुस्सा और आक्रोश व्याप्त है।
पहले सोते हुए अपनों का खून बहाया फिर 6 किलोमीटर दूर जाकर मचाया कत्लेआम
नरपिशाच बन चुके आरोपित राजकुमार ने शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात इस वीभत्स हत्याकांड को अंजाम दिया। उसने सबसे पहले शबाद स्थित अपने घर में अपनी ही पत्नी पार्वती सरिता पर जानलेवा हमला किया। उसने अपनी पत्नी को बेरहमी से काट डाला। इसके बाद उसने अपने ही दो मासूम बेटों की गला रेतकर हत्या कर दी।
इन बेकसूर बच्चों की उम्र महज दो से तीन साल थी। अपनों का खून बहाने के बाद भी इस हैवान का दिल नहीं भरा। वह तुरंत वहाँ से 6 किलोमीटर दूर दूसरे गाँव के लिए रवाना हो गया। वह सीधा उस 17 साल की नाबालिग किशोरी के घर पहुँचा जिसने उसके खिलाफ यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता किशोरी को खेत में घसीटकर किया दोबारा रेप
आरोपित ने किशोरी के घर पहुँचकर बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। वह नाबालिग किशोरी को जबरन घसीटते हुए खेत की तरफ ले गया। पुलिस की शुरुआती जाँच में सामने आया है कि हत्यारे ने पहले किशोरी का दोबारा रेप किया। इसके बाद उसने किशोरी की तड़पा-तड़पाकर जान ले ली।
हैवानियत का हदें यहीं नहीं रुका। आरोपित वापस किशोरी के घर में घुसा। उसने वहाँ मौजूद किशोरी की माँ और उसकी बूढ़ी नानी पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने उन दोनों महिलाओं को भी तड़पाकर मार डाला। इस तरह उसने शिकायत करने वाले पूरे परिवार को खत्म कर दिया।
फरार हत्यारे को पाताल से ढूँढने के लिए पुलिस की 7 टीमें तैनात
इस भयानक नरसंहार को अंजाम देने के बाद हत्यारे राजकुमार ने अपने पिता और अन्य रिश्तेदारों को फोन मिलाया। उसने फोन पर चीख-चीखकर अपना जुर्म कबूल किया। उसने कहा कि उसने दोनों परिवारों के सभी लोगों को हमेशा के लिए सुला दिया है। इसके बाद उसने पुलिस से बचने के लिए खुदकुशी करने की धमकी दी और अँधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
Rangareddy, Telangana: On the investigation into the six-murder case, CP Tarun Joshi says, "…Raj Kumar remains absconding, and seven special police teams have been formed to trace and apprehend him. The killing of his own wife and children has shocked us as well…" pic.twitter.com/yA6qCzP2HV
— IANS (@ians_india) July 11, 2026
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस आयुक्त तरुण जोशी तुरंत भारी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने दोनों घटनास्थलों को सील कर दिया है। सभी छह शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस कमिश्नर ने साफ कहा है कि इस दरिंदे को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हत्यारे राजकुमार को दबोचने के लिए पुलिस की सात स्पेशल टीमें हर संभावित ठिकाने पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

