दिल्ली में लाल किले के सामने विस्फोटक से भरी कार उड़ाने वाले आतंकी उमर नबी को लेकर आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं। उमर खुद तो सुसाइड बॉम्बिंग की पैरवी करता ही था, साथ ही वो अपने जैसे कई लोगों को आत्मघाती हमलावर बनाने के लिए साजिश रच रहा था।
दैनिक भास्कर ने NIA के सूत्रों से हवाले से बताया है कि उमर लगातार युवाओं को भड़काऊ बनाकर भेजता था जिससे उन युवाओं को ब्रेनवॉश किया जा सके। इस मामले में गिरफ्तार किए गए अलग-अलग लोगों के पास से बरामद मोबाइल फोन में उमर के 12 वीडियो समेत 70 से ज्यादा वीडियो मिले हैं।
बताया जा रहा है कि ऐसे वीडियो करीब 11 लोगों को भेजे गए थे और इनमें से 7 युवा कश्मीरी मूल के बताए जा रहे हैं। बाकी अन्य युवा उत्तर प्रदेश, केरल और कर्नाटक के रहने वाले हैं। इन सभी युवाओं का अल-फलाह यूनिवर्सिटी से लिंक मिला है।
वहीं, जाँच में यह भी पता चला है कि जिसने उमर नबी को i-20 कार दिलाई थी वो आमिर राशिद अली खुद सुसाइड बॉम्बर बनने को तैयार नहीं था। उमर नबी ने उस युवक को भी ब्रेनवॉश करने वाले वीडियो भेजे थे। इस पूरे मामले को सामने आने के बाद जाँच एजेंसियों को शक है कि उमर पूरी फिदायीन टीम तैयार कर रहा था।

