हुडी पर लिखा ‘प्रॉपर्टी ऑफ अल्लाह’, शर्ट पर ईरान का झंडा: टेक्सास में जिसने आतंकी अंदाज में किया हमला, उसकी कार से मिली ‘कुरान’

अमेरिका के टेक्सास की राजधानी ऑस्टिन में रविवार (1 मार्च 2026) को गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई। टेक्सास यूनिवर्सिटी ऑस्टिन परिसर के पास स्थित मशहूर नाइटस्पॉट बफर्ड्स बीयर गार्डन में एक हथियारबंद हमलावर ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हमलावर की पहचान 53 वर्षीय नडियागा डियाग्ने के रूप में हुई है, जो पहले न्यूयॉर्क सिटी में रह चुका था और मूल रूप से सेनेगल का नागरिक था। पुलिस ने उसे मौके पर ही ढेर कर दिया। जाँच एजेंसियों को हमलावर के पास से ऐसे कई सबूत मिले हैं, जो इस हमले को संभावित आतंकी मंशा और अमेरिका-ईरान तनाव से जोड़कर देखे जा रहे हैं।

‘प्रॉपर्टी ऑफ अल्लाह’ वाली हुडी और ईरानी प्रतीकों के साथ पहुँचा हमलावर

कानून प्रवर्तन एजेंसियों के मुताबिक, हमलावर नडियागा डियाग्ने ने वारदात के समय ‘Property of Allah’ लिखा हुआ हुडी पहना हुआ था। उसकी कार से एक कुरान भी बरामद हुआ है। एजेंसियों का कहना है कि उसने संभवतः एक अंडरशर्ट भी पहन रखी थी, जिस पर ईरान का झंडा या उससे जुड़े प्रतीक बने हुए थे।

जाँचकर्ताओं को शक है कि वह अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमलों का बदला लेने की मंशा से इस हमले को अंजाम देने आया था। FBI के सैन एंटोनियो कार्यालय के कार्यवाहक विशेष एजेंट एलेक्स डोरन ने कहा, “अभी यह तय करना जल्दबाजी होगी कि हमले का असली मकसद क्या था, लेकिन आरोपित और उसकी गाड़ी से मिले संकेत संभावित रूप से आतंकवाद से जुड़े होने की ओर इशारा करते हैं।”

कैसे दिया वारदात को अंजाम: SUV से की ताबड़तोड़ फायरिंग

यह हमला रविवार (1 मार्च 2026) की सुबह करीब 2 बजे, यानी बार के बंद होने के समय हुआ, जब सैकड़ों लोग नाइटस्पॉट से बाहर निकल रहे थे। ऑस्टिन पुलिस प्रमुख लिसा डेविस के अनुसार, हमलावर की बड़ी SUV को वारदात से पहले कई बार बार के आसपास घूमते हुए देखा गया।

इसके बाद उसने बार के सामने गाड़ी रोकी और अपनी कार की खिड़की से पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी, जिससे फ्रंट पैटियो में मौजूद कई लोग गोलियों की चपेट में आ गए। इसके बाद वह कार से बाहर निकला और सड़क पर चलते लोगों पर भी गोली चलाने लगा।

पुलिस को सूचना मिलते ही महज एक मिनट के भीतर मौके पर पहुँचकर 6th स्ट्रीट के एक चौराहे पर हमलावर का सामना करना पड़ा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गोली मार दी। हमले में दो पीड़ितों और खुद हमलावर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 अन्य लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हमलावर का आपराधिक इतिहास

नडियागा डियाग्ने मूल रूप से सेनेगल का नागरिक था, जिसे वर्ष 2013 में अमेरिकी नागरिकता मिली थी। उसने 2016 में शरण (असाइलम) के लिए भी आवेदन किया था। सूत्रों के मुताबिक, वह साल 2000 में न्यूयॉर्क सिटी आया था और 2001 से 2016 के बीच उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हुए।

वर्ष 2001 में उसे अवैध वेंडिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसके अन्य तीन मामलों को सील कर दिया गया है। इसके अलावा टेक्सास में भी उसके खिलाफ गिरफ्तारी का इतिहास रहा है। टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने सख्त लहजे में कहा, “यह हिंसा हमें परिभाषित नहीं करेगी और न ही टेक्सास के हौसले को तोड़ पाएगी। जो कोई भी मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष का बहाना बनाकर टेक्सास या उसके अहम ठिकानों को धमकाने की सोचेगा, उसे निर्णायक और जबरदस्त जवाब दिया जाएगा।”

फिलहाल FBI और स्थानीय पुलिस इस मामले की गहन जाँच कर रही है। हमलावर के संभावित आतंकी कनेक्शन, उसकी मानसिक स्थिति और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं से प्रेरणा को लेकर हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।