आंध्र प्रदेश में स्थित तिरुमला तिरुपति देवस्थानम के प्रसिद्ध लड्डू प्रसाद में इस्तेमाल होने वाले घी की जाँच के लिए गठित विशेष जाँच दल (SIT) ने बड़े पैमाने पर मिलावट के आरोपों की जाँच शुरू कर दी है। जाँच में सामने आया है कि भोले बाबा ऑर्गेनिक डेयरी नाम की कंपनी ने पिछले पाँच सालों में करीब 68 लाख किलो नकली घी तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को सप्लाई किया। इसकी कीमत लगभग 250 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
SIT की रिपोर्ट के मुताबिक, यह डेयरी वास्तव में कभी दूध की खरीद ही नहीं करती थी, बल्कि पाम ऑयल और विभिन्न केमिकल मिलाकर नकली घी तैयार करती थी। इस घोटाले को लेकर CBI के नेतृत्व में SIT जाँच जारी है और अब तक कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इनमें अजय कुमार सुगंध नाम का व्यक्ति भी शामिल है, जिस पर डेयरी को केमिकल सप्लाई करने का आरोप है। जाँच में फर्जी कंपनियों और जाली दस्तावेजों का बड़ा जाल सामने आया है। गौरतलब है कि श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में दिए जाने वाले प्रसिद्ध तिरुपति लड्डू में कथित मिलावट का खुलासा पिछले साल हुआ था।
इस पर सुप्रीम कोर्ट ने बीते साल सितंबर में कहा था कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े इस मामले में राजनीतिक ड्रामा नहीं होना चाहिए। इस टिप्पणी के बाद कोर्ट ने मामले की SIT जाँच के निर्देश दिए थे।

