पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। इसी क्रम में राजनीतिक दल प्रचार-प्रसार करने में जुट गए हैं। ऐसे में आए दिन कुछ बयान सामने आते हैं, जिस पर विवाद होता है। ताजा विवाद बंगाल में तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) नेता चंद्रनाथ सिन्हा के बयान को लेकर शुरू हुआ है।
बंगाल सरकार में पूर्व मंत्री रहे चंद्रनाथ सिन्हा ने बोलपुर नगर पालिका के 20 नंबर वार्ड में प्रचार करते समय विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा किभारतीय जनता पार्टी (BJP) उत्तर भारत की पार्टी है और भगवान राम उत्तर भारत के देवता हैं।
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए TMC नेता ने कहा, “पीएम नरेंद्र मोदी ने यहाँ आकर इस बार जय श्रीराम नहीं कहा, उन्होंने जय माँ काली कहा। 2024 में उन्होंने जय श्रीराम कहा था। इसका मतलब यही है कि BJP उत्तर भारत की पार्टी है और श्रीराम उत्तर भारत के देवता हैं। इसलिए वे श्रीराम का नाम लेते थे, लेकिन अब उन्हें समझ आ गया है कि बंगाल में श्रीराम का नाम नहीं चलेगा।”
TMC नेता के इस बयान की खूब आलोचना हो रही है। BJP ने बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए TMC नेता को ‘पागल’ करार दिया है।

