पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के बेलडांगा विधायक हुमायूँ कबीर ने मंगलवार (02 दिसंबर 2025) को एक बयान दिया। कबीर ने घोषणा की कि वह 6 दिसंबर 2025 को क्षेत्र में ‘बाबरी जैसी मस्जिद की नींव रखेगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके कार्यक्रम को रोकने की कोशिश की गई, तो राष्ट्रीय राजमार्ग-34 मुस्लिमों के नियंत्रण में होगा।
कबीर कई महीनों से पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे हैं और नया संगठन बनाने की इच्छा भी जता चुके हैं। उन्होंने जिले के अधिकारियों पर RSS एजेंट की तरह काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण कार्यक्रम में बाधा डालना आग से खेलने जैसा होगा।
TMC के वरिष्ठ नेताओं, सिद्दीकुल्लाह चौधरी और कल्याण बनर्जी ने कबीर की टिप्पणी से किनारा करते हुए कहा कि वह पार्टी की ओर से नहीं बोल रहे। मुख्य सचेतक निर्मल घोष ने भी स्पष्ट किया कि कबीर व्यक्तिगत स्तर पर काम कर रहे हैं।

