बंगाल में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी से मारपीट, भीड़ ने फेंके अंडे-फाड़ी शर्ट: लगाए चोर-चोर के नारे, हेलमेट पहनाकर निकाला गया बाहर

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी के सोनारपुर दौरे के दौरान बड़ा हंगामा हो गया। चुनावी हिंसा से प्रभावित लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने पहुँचे अभिषेक को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। घटना के दौरान उनके साथ मारपीट करने और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया गया है।

दौरे के दौरान विरोध, लोगों ने फेंके अंडे

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिषेक बनर्जी चुनाव बाद हुई हिंसा में घायल हुए TMC कार्यकर्ताओं और प्रभावित परिवारों से मिलने सोनारपुर पहुँचे थे। आरोप है कि उनके वहाँ पहुँचते ही कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और उनके साथ धक्का-मुक्की की गई।

उनके ऊपर अंडे फेंके गए और उनकी शर्ट भी फट गई। हालात बिगड़ते देख सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें हेलमेट पहनाकर वहाँ से सुरक्षित निकाला। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लोग उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते और हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं।

अभिषेक ने भाजपा पर लगाया आरोप

घटना के बाद मीडिया से बातचीत में अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि पूरा विरोध भाजपा समर्थित था। उन्होंने कहा कि उन पर हमला करने की कोशिश की गई और मौके पर पुलिस की मौजूदगी नहीं थी। उनके अनुसार, हेलमेट होने की वजह से उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाओं से वे डरने वाले नहीं हैं।

दूसरी ओर अभिषेक बनर्जी को फर्जी हस्ताक्षर मामले में पश्चिम बंगाल CID ने भी समन जारी किया है। उन्हें 1 मई दोपहर 12 बजे कोलकाता स्थित भवानी भवन मुख्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि CID अधिकारियों ने शनिवार (30 मई 2026) को उनके कालीघाट स्थित आवास पर पहुँचकर यह नोटिस सौंपा।