TMC में मचा बवाल… सांसद काकोली घोष ने कल्याण बनर्जी पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- ‘कई महिला सांसदों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया’

पश्चिम बंगाल में बुरी तरह हारने के बाद तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) में अंदरूनी विवाद एक बार फिर खुलकर सामने आया जब पार्टी की सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखित शिकायत देकर वरिष्ठ नेता और चीफ व्हिप कल्याण बनर्जी पर सदन के भीतर अभद्र भाषा और महिला सांसदों के प्रति अपमानजनक व्यवहार का आरोप लगाया।

28 मई 2026 को लोकसभा अध्यक्ष से की लिखित शिकायत में काकोली घोष ने कहा कि कल्याण बनर्जी ने लोकसभा में उन्हें गालियाँ दीं और उनके साथ गलत व्यवहार किया। काकोली घोष ने कहा कि सिर्फ उनके साथ ही नहीं बल्कि कई महिला सांसदों के साथ भी कल्याण बनर्जी का व्यवहार आपत्तिजनक रहा है। उन्होंने अध्यक्ष से शिकायत को औपचारिक रूप से दर्ज कराने की अनुमति माँगी और इस मामले में कार्रवाई और ‘दंड’ की माँग की।

काकोली घोष की शिकायत के जवाब में कल्याण बनर्जी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “सवाल यह है कि किसने क्या कहा और कब कहा। दिक्कत उनकी नीयत में है। लगता है कि वे किसी मकसद से काम कर रहे हैं, जिससे मुझे शक होता है।”

यह विवाद पार्टी के अंदर बढ़ते मतभेद और हालिया चुनावी झटके के बाद पार्टी में चल रही खींचतान को भी दिखाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ममता बनर्जी ने काकोली घोष को लोकसभा के चीफ व्हिप पद से हटा दिया था, जिससे वे नाराज बताई जा रही हैं। उनके बदले कल्याण बनर्जी को यह पद सौंपा गया था। इसके बाद काकोली घोष ने पार्टी के सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा दे दिया था। कोकाली घोष चार बार बारासात से सांसद रही हैं और पहले भी पार्टी के महिला मोर्चे की राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुकी हैं।