संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण के दौरान तीन-तीन बार तकनीकी गड़बड़ी हुई। ये बात अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, ट्रंप ने इन घटनाओं को ‘Triple Sabotage’ यानी ‘तीन गुना साजिश’ कहकर जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी की माँग की है।
UNGA में क्या हुआ
न्यू यॉर्क सिटी में आयोजित 80वें UNGA सत्र के दौरान 23 सितंबर 2025 राष्ट्रपति ट्रंप जब अपनी पत्नी मेलानिया के साथ मंच की ओर बढ़ रहे थे तभी एस्केलेटर अचानक रुक गया। ट्रंप ने कहा कि अगर उन्होंने हैंडरेल नहीं पकड़ा होता, तो वे गिर सकते थे। उन्होंने इसे जानबूझकर की गई साजिश बताया।
इसके बाद, भाषण शुरू करते समय उनका टेलीप्रॉम्प्टर काम नहीं कर रहा था, जिससे उन्हें बिना स्क्रिप्ट के बोलना पड़ा। ट्रंप ने इसे भी एक ‘सिनिस्टर एक्ट’ यानी ‘दुष्ट कृत्य’ बताया।
तीसरी घटना तब हुई जब ऑडिटोरियम में साउंड सिस्टम पूरी तरह बंद हो गया। ट्रंप ने दावा किया कि विश्व नेता उनकी बात नहीं सुन पाए और मेलानिया तक को कुछ सुनाई नहीं दिया।
इसके बाद ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव को पत्र लिखकर तत्काल जाँच की माँग की है। उन्होंने सुरक्षा फुटेज और एस्केलेटर के इमरजेंसी स्टॉप बटन की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने को कहा है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस को भी जाँच में शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा, “यह कोई संयोग नहीं था। यह एक सुनियोजित साजिश थी, और जो लोग इसके पीछे हैं, उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”

