‘उसने मुझे दो बार मारने की कोशिश की, इसलिए मैंने पहले मार दिया’: खामेनेई की मौत पर ट्रंप का बयान, ईरानी सेना से कहा- सरेंडर कर दो

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बेहद सनसनीखेज बयान सामने आया है। ट्रंप ने दावा किया है कि खामेनेई को मारने का फैसला उन्होंने आत्मरक्षा में लिया, क्योंकि उन पर दो बार जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई थी।

ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा, “मैंने उसे (खामेनेई) पहले मार गिराया, इससे पहले कि वह मुझे मार गिराता। उसने दो बार कोशिश की। खैर, मैंने उसे पहले ही मार गिराया।” इस बयान के सामने आने के बाद वैश्विक राजनीति में हलचल मच गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने खामेनेई की मौत के बाद ईरान को कड़ी चेतावनी भी दी।

उन्होंने ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड, सेना और पुलिस से तुरंत हथियार डालने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा करने पर उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी, लेकिन अगर वे नहीं माने तो उन्हें निश्चित मौत का सामना करना पड़ेगा। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी था ताकि भविष्य में किसी भी तरह के परमाणु खतरे और आतंकवादी हमलों से देश को बचाया जा सके।

उन्होंने ईरानी शासन पर अमेरिका और इजरायल के खिलाफ दशकों से नफरत फैलाने और आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। ट्रंप ने ईरानी जनता से भी खुला आह्वान किया कि वे इस मौके का फायदा उठाएँ, साहस दिखाएँ और अपने देश को कट्टरपंथी शासन से मुक्त कराएँ। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरानी जनता के साथ खड़ा है।