इटली के बर्गामो प्रांत के कोवो कस्बे में बैसाखी समारोह के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई। यहाँ गुरुद्वारे से बाहर निकलते ही दो भारतीय मूल के सिखों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार (17 अप्रैल2026) की देर रात करीब 11:50 बजे कोवो के इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी के बाहर हुई।
मृतकों की पहचान 48 वर्षीय रागिंदर सिंह और 48 वर्षीय गुरमीत सिंह के रूप में हुई है, जो बैसाखी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान एक हमलावर ने नजदीक से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से कार में फरार हो गया। पुलिस ने मौके से करीब दस खाली कारतूस बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जाँच में पुलिस इसे सुनियोजित हत्या मान रही है। स्थानीय गवाहों के अनुसार, हमलावर भी भारतीय मूल का हो सकता है और उसे पहले गुरुद्वारे में देखा गया था। हालाँकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जाँच में जुटी हुई है।

