14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने U-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन ठोककर रचा इतिहास, जड़े 15 छक्के: इंग्लैंड के सामने 412 रनों का पहाड़ लक्ष्य

जिम्बाब्वे में खेले गए ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार पारी खेलते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर डाल दिया। उन्होंने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। वैभव की पारी की बदौलत भारत ने फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के सामने 412 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है।

वैभव सूर्यवंशी की यह पारी अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बेहतरीन पारियों में से एक मानी जा रही है। वैभव ने 55 गेंदों में शतक पूरा किया, जो टूर्नामेंट का दूसरा सबसे तेज शतक है। उन्होंने पहले 50 रन 32 गेंदों में बनाए और अगली फिफ्टी सिर्फ 23 गेंदों में पूरी कर ली।

कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ उनकी 142 रनों की साझेदारी ने भारत की पारी को मजबूती दी। इस पारी के साथ वैभव ने 2012 फाइनल में उन्मुक्त चंद के 111 रन और 1998 में ब्रेट विलियम्स के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। उनके आउट होने पर स्टेडियम में खड़े होकर तालियाँ बजाई गईं।