UK में भारतीय मूल की 20 वर्षीय युवती के साथ रेप, पुलिस ने कहा- ‘नस्लीय नफरत’ का बनी शिकार: श्वेत शख्स ने घर में घुसकर की मारपीट

इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र में पिछले महीने एक सिख महिला के साथ बलात्कार के बाद अब एक अन्य महिला ‘नस्लीय नफरत’ का शिकार बनी है। उत्तरी इंग्लैंड के वाल्सॉल में 20 वर्षीय युवती के साथ रेप किया गया जिसे भारतीय मूल की माना जा रहा है।

वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस का कहना है कि शनिवार (25 अक्टूबर 2025) शाम को उन्हें सड़क पर एक महिला के परेशान हालत में होने को लेकर कॉल आई थी। इसके बाद जब अधिकारी मौके पर पहुँचे तो पता चला कि युवती के साथ पास के एक घर में एक अज्ञात व्यक्ति ने बलात्कार और मारपीट की थी।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता आरोपी को नहीं जानती थी। पुलिस ने आरोपित का एक CCTV फुटेज भी जारी किया है जो एक श्वेत व्यक्ति है और उसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। CCTV में दिख रहे आरोपित के बाल छोटे हैं और और वह गहरे रंग के कपड़े पहने हुए था। पुलिस ने जनता से अपील की है कि अगर किसी ने संदिग्ध व्यक्ति को देखा हो या घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क करें।

इस मामले में पुलिस ने जाँच तेज कर दी है। पुलिस की विशेष टीमों ने रातभर काम करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले, गवाहों से बातचीत की और आरोपित की पहचान करने की कोशिश की है। पब्लिक प्रोटेक्शन यूनिट, स्थानीय पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक विशेषज्ञ लगातार साक्ष्य जुटाने में लगे हुए हैं।

इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे डिटेक्टिव सुपरिंटेंडेंट रोनन टायरर ने कहा, “यह एक बेहद घृणित हमला है। हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि अपराधी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। हमारी कई टीमें सबूत इकट्ठा कर रही हैं और आरोपी की प्रोफाइल तैयार कर रही हैं ताकि उसे जल्द हिरासत में लिया जा सके।”

उन्होंने आगे कहा, “हम फिलहाल कई पहलुओं से घटना की जाँच कर रहे हैं लेकिन हमें उन सभी लोगों से जानकारी चाहिए जिन्होंने घटना के समय इलाके में किसी संदिग्ध व्यक्ति को देखा हो। हो सकता है कि किसी के पास डैशकैम फुटेज हो या उनके घर के सीसीटीवी में कुछ रिकॉर्ड हुआ हो, यह जानकारी हमारे लिए बेहद अहम साबित हो सकती है।” टायरर ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल इस हमले को किसी अन्य अपराध से जोड़ा नहीं जा रहा है।

वहीं, वाल्सॉल पुलिस के चीफ सुपरिंटेंडेंट फिल डोल्बी ने कहा, “हमारा ध्यान जाँचकर्ताओं की मदद करने और आरोपी को पकड़ने पर है। हमें पता है कि इस जघन्य अपराध ने लोगों के बीच डर और चिंता पैदा की है। हम लगातार समुदाय के लोगों से बातचीत कर रहे हैं, उनकी चिंताओं को सुन रहे हैं और आने वाले दिनों में इलाके में पुलिस की मौजूदगी और बढ़ा दी जाएगी।”

वहीं, सिख फेडरेशन UK ने लोकल सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि यह पीड़िता एक पंजाबी महिला है। संगठन ने कहा कि हमलावर ने कथित तौर पर उस घर का दरवाजा तोड़कर घुसपैठ की, जहाँ वह महिला रह रही थी और उसके साथ नस्लीय भेदभाव से प्रेरित रेप किया गया।

सिख फेडरेशन ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पिछले दो महीनों में वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस के सामने आया दूसरा नस्लीय रूप से प्रेरित बलात्कार का मामला है। संगठन ने पुलिस से माँग की है कि वे जल्द से जल्द जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करें और ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करें।

पिछले महीने ओल्डबरी में भी एक ब्रिटिश सिख महिला के साथ इसी तरह का नस्लीय भेदभाव वाला रेप हुआ था। उस मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया था लेकिन बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

सिख संगठनों ने कहा है कि इन घटनाओं से प्रवासी भारतीय समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल बना है। उन्होंने वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस से अपील की है कि वह ऐसे अपराधों की जाँच में तेजी लाए और समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करे।