मंदिर निर्माण में जुटे साधु की हत्या करने वाले इसराइल का काम तमाम, UP पुलिस ने मुठभेड़ में किया ढेर: उन्नाव की घटना

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में साधु राममिलन दास उर्फ बाबा मिलन दास सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपित इसराइल को यूपी पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई तड़के लगभग 3:40 बजे ताजपुर इलाके में हुई, जब मुखबिर की सूचना पर टीम ने घेराबंदी की। घिरने पर आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह ढेर हो गया।

इसराइल ने 9 जून को उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र में अपने साथियों के साथ मिलकर बाबा मिलन दास की चाकू घोंपकर हत्या की थी। परिवार का आरोप था कि आरोपितों को बाबा से दिक्कत इस बात से थी कि साधु अपने मंदिर का निर्माण कर रहे थे और नियमित पूजा करते थे। इसके अलावा मंदिर में भजन-कीर्तन के लिए लाउडस्पीकर का उपयोग करते थे जो कुछ कट्टरपंथियों को पसंद नहीं था।

9 जून को इस घटना को अंजाम दिया गया और कत्ल के बाद सब फरार हो गए। इधर बाबा की मौत के बाद परिजन इंसाफ की माँग करते रहे। पुलिस ने आरोपितों को पकड़ने के लिए एक लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया। इसी के बाद उन्हें मुखबिर से इसराइल की लोकेशन का पता चला और एनकाउंटर को अंजाम दिया गया।

मुठभेड़ के बाद परिजनों ने बाकी आरोपितों पर भी सख्त कार्रवाई की माँग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जाँच और अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।