उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में ATS ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देवबंद क्षेत्र से एक मुफ्ती को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह सोशल मीडिया पर भड़काऊ और भ्रामक पोस्ट साझा कर रहा था और कुछ पाकिस्तान स्थित लोगों के संपर्क में भी था। मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर उसके नेटवर्क की गहराई से जाँच कर रही है।
#SaharanpurPoliceInNews#GoodWorkUpp
— Saharanpur Police (@saharanpurpol) April 11, 2026
➡️पाकिस्तानियों से संपर्क रखने व आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाला मुफ्ती गिरफ्तार।#Uppolice #UPPInNews#UPPoliceInNews@adgzonemeerut@digsaharanpur pic.twitter.com/NItQI17idi
भड़काऊ पोस्ट और संदिग्ध नंबरों से बढ़ी जाँच की रफ्तार
ATS को खुफिया इनपुट मिला था, जिसके आधार पर देवबंद के ‘मिल वाला फाटक’ इलाके में छापेमारी कर मुफ्ती जाकिर को पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद जब उसका मोबाइल फोन खंगाला गया तो उसमें कई संदिग्ध जानकारियाँ सामने आईं।
जाँच में कुछ पाकिस्तानी नंबर भी मिलने की बात कही जा रही है, जिससे एजेंसियाँ और सतर्क हो गई हैं। बताया जा रहा है कि आरोपित ने सोशल मीडिया पर CAA, NRC, UGC, राम मंदिर फैसले और ‘आई लव मोहम्मद’ विरोध प्रदर्शन में भड़काऊ पोस्ट किए थे।
उस पर लोगों को गुमराह करने और सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल डेटा और चैट रिकॉर्ड की गहन जाँच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
एक छात्र हिरासत में, गुप्त स्थान पर पूछताछ जारी
इस मामले में एक और बड़ा खुलासा यह है कि देवबंद के ही एक छात्र को भी ATS ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि वह अलीगढ़ में पढ़ाई करता है और उससे किसी गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। हालाँकि अभी तक उसके खिलाफ कोई आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है।
पुलिस और जाँच एजेंसियाँ अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इस पूरे मामले के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। स्थानीय प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और हालात पर नजर रखी जा रही है। ATS का कहना है कि जाँच जारी है और आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।

