उत्तर प्रदेश ATS ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से कनेक्शन वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों ISI के इशारे पर भारत में हमले की साजिश रच रहे थे। ATS का मुताबिक, दोनों युवक पाकिस्तान के आतंकी शहजाद भट्टी, आबिद जट और हम्माद से संपर्क में थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों युवकों की पहचान बाराबंकी के रहने वाले 23 साल के दानियाल अशरफ और कुशीनगर के रहने वाले 20 साल के कृष्णा मिश्रा के रूप में हुई है। कृष्णा को गोरखपुर और दानियाल को बाराबंकी से गिरफ्तार किया गया है। ATS ने बताया कि ये दोनों भारत के संवेदनशील इलाकों, पुलिस थानों और सुरक्षाकर्मियों पर हमले की साजिश रच रहे थे।
दरअसल, ATS ने खुफिया इनपुट के आधार पर दोनों युवकों को गिरफ्तार किया है। जाँच एजेंसी को जानकारी मिली थी कि पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन सोशल मीडिया के जरिए भारत के युवाओं को फुट सोल्जर और स्लीपर सेल के रूप में भर्ती कर रहे हैं। पाकिस्तानी आतंकी के इशारों पर इन युवाओं को कट्टरपंथी बनाया जा रहा है। इस इनपुट पर ATS ने कार्रवाई को और दोनों युवकों को दबोच लिया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों युवक पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थे। उनके फोन में शहजाद भट्टी, आबिद जट और हम्माद के फोन नंबर सेव थे। इनके पास से वीडियो कॉल, वॉइस नोट्स, व्हाट्सऐप चैट और देश-विरोधी बातचीत के सबूत मिले हैं।
फोन से मिले सबूत में पता लगा कि दानियाल अशरफ ने दूसरे प्रदेश के पुलिस स्टेशन की रेकी कर वीडियो बनाकर हैंडलर्स को भेजे थे। उसने पाकिस्तानी हैंडलर्स से पैसे और हथियारों की भी माँग की थी। यहाँ तक की हम्माद ने आबिद जट की पाकिस्तानी डॉन लिखी फोटो भी अशरफ को भेजी थी। इस फोटो की 50 कॉपियाँ छपवाकर अलग-अलग जगहों पर छपवाने के निर्देश दिए गए थे।
ATS ने दोनों युवकों के पास के एक देशी पिस्तौल, एक तमंचा, .315 बोर, 6 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

