उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मुबारकपुर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गो तस्कर सलमान अहमद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वह छुट्टा गोवंशीय पशुओं का वध कर उनका मांस बेचने के अवैध कारोबार में शामिल था। पुलिस पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल किया है।
आजमगढ़
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) May 3, 2026
➡पुलिस मुठभेड़ में एक गौकश गिरफ्तार
➡मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली
➡गौवंश का मांस बेचने की बात कबूली
➡आरोपी सलमान अहमद मऊ का निवासी
➡मुबारकपुर थाना क्षेत्र में आरोपी गिरफ्तार@azamgarhpolice pic.twitter.com/s2GHSifWcQ
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले लोहरा चौकी क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर गाँव के पास स्थित एक ढाबे के पीछे गोवंशीय पशु के अवशेष मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुँची पुलिस ने बोरे में रखे गोवंश के अवशेष बरामद किए थे। जाँच के दौरान पशु चिकित्साधिकारी की मदद से कार्रवाई की गई और मामले की विवेचना शुरू हुई।
इसी दौरान सलमान अहमद का नाम सामने आया। बाद में पुलिस को इनपुट मिला कि 2 मई 2026 को आरोपित दामोदरपुर मार्ग के पास अपने साथियों का इंतजार कर रहा है। तभी पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
घायल आरोपित का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि उसके फरार साथियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, सलमान अहमद मऊ जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के खैराबाद गाँव का रहने वाला है। उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।

