UGC नियमों का विरोध करने पर विमल शर्मा को लाठी-डंडों से पीटा, चाकू से किया वार: सवर्ण समाज के लोगों ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन, UP के बहराइच की घटना

उत्तर प्रदेश के बहराइज जिले में UGC बिल का विरोध करने वाले युवक विमल शर्मा पर जानलेवा हमला किया गया। विमल ने बताया कि वह शहर के किसान पीजी कॉलेज से प्रमाण पत्र लेने गए थे, तभी 8-10 दबंगों ने उन्हें रोका और यूजीसी नियमों का विरोध करने पर लाठी-डंडों, रॉड और चाकू से हमला बोल दिया। विमल शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद बाकी लोग घायल विमल शर्मा को कोतवाली देहात लेकर पहुँचे। विमल शर्मा ने घटना के संदर्भ में पुलिस को तहरीर दी। पुलिस थाने के बाहर सवर्ण समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया।

विमल शर्मा को सिर समेत पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों ने तमंचा लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपशब्द कहे। विमल ने बताया कि उन्हें पहले भी यूजीसी नियमों का विरोध करने को लेकर धमकी दी गई थी।

बता दें कि विमल शर्मा लगातार यूजीसी के नए नियमों का विरोध कर रहे थे। उन्होंने इसी सिलसिले में बहराइच से अयोध्या तक पदयात्रा शुरू की थी। हालाँकि, इस दौरान देहात कोतवाली पुलिस ने उन्हें थाने बुला लिया और कुछ देर में छोड़ दिया।