उत्तर प्रदेश के बरेली में जीशान नाम के युवक की दरिंदगी से परेशान होकर 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली 11 साल की नाबालिग छात्रा द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने 26 साल के आरोपित जीशान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना मीरगंज थाना क्षेत्र की है। आरोपित ने पीड़िता और उसकी छोटी बहन से जान-पहचान बढ़ा ली थी। वह अक्सर स्कूल से लौटते समय उन्हें रास्ते में रोकता था और छोटी बहन को पैसों का लालच देकर घर भेज देता था। इसके बाद वह बड़ी बहन को सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करता था। विरोध करने पर आरोपित उसे धमकाता भी था।
27 अप्रैल 2026 को भी आरोपित ने दोनों बहनों को रोका और छोटी बहन को घर भेजने के बाद छात्रा को अपने साथ ले गया। उस दिन भी उसके साथ जबरदस्ती की गई। घर लौटने पर छात्रा मानसिक रूप से बेहद टूट चुकी थी। उस समय घर पर कोई अभिभावक मौजूद नहीं था, क्योंकि पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं। इसी बीच छात्रा ने फाँसी लगाकर जान दे दी।
अगले दिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर नाखून से खरोंचने और काटने के निशान निशान मिलने के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने छोटी बहन से पूछताछ की, जिसमें पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।

