‘पहले वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया, अब UP में सब चंगा’: SP पर बरसे CM योगी, कहा- प्रदेश को बनाया था अराजकता का गढ़

उत्तर प्रदेश विधान परिषद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की। सीएम योगी ने अपने संबोधन में विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों ने प्रदेश को अराजकता अव्यवस्था का गढ़ बना दिया था।

सीएम योगी ने कहा, “8.5 सालों में यूपी में बदलाव आया है। पहले की सरकारों ने प्रदेश को अपराध, अराजकता का गढ़ बना दिया था। कर्फ्यू यहाँ की पहचान बन गया था। आज यूपी टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट एंड ट्रांसफॉर्मेशन की त्रिवेणी बनकर उभरा है। 2017 से पहले सत्ता के संरक्षण माफिया पल रहे थे, जो सरकार के पैरलल अपनी सत्ता का संचालन करते थे।

उन्होंने आगे कहा, “पहले वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया था। न बेटी सुरक्षित थी, न व्यापारी सुरक्षित था। 2017 के बाद उपद्रग्रस्त प्रदेश उत्सव प्रदेश बन गया है। कानून व्यवस्था का मतलब रूल ऑफ लॉ है। यूपी फियर (भय) जोन से फेथ जोन में बदल गया है। 2017 के बाद से न कर्फ्यू है, न दंगा है… यूपी में सब चंगा है। आज प्रदेश की पुलिस में 44 हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मी हो गई हैं। पहले ट्रेनिंग सेंटर नहीं थे।”

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले फोरेसिंक लैब सिर्फ दो थीं, आज 12 लैब ए ग्रेड की चल रही हैं और 6 निर्माणाधीन हैं। सीएम ने कहा, “सभी जनपदों में दो-दो फोरेसिंक वैन संचालित हैं। यदि कोई अपने फायदे के लिए उन आक्रांताओं का महिमा मंडन करता है, जिन्होंने देश को नुकसान पहुँचाया, देश आज उसे स्वीकार नहीं करेगा। भारत के राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान का अपमान करना संविधान का अपमान है। भारत में रहेंगे, लेकिन वंदे मातरम नहीं गाएंगे, ये नहीं चलेगा।” 

सीएम ने कहा कि सपा के लोग गाजी के मेले का समर्थन करते हैं, जो भारत की संस्कृति को रौंदने आया था। उन्होंने कहा, “महाराज सुहेलदेव के नाम पर हमने विवि बनाया। ये लोग राम मंदिर का विरोध करते हैं, काशी विश्वनाथ का विरोध करते हैं। इन लोगों में भारत की आस्था का कोई सम्मान नहीं है। संभल, बरेली, बौद्ध तीर्थ, प्रयागराज, काशी, मथुरा समेत सभी तीर्थों का विकास किया जा रहा है। आज यूपी की पहचान देव दिवाली से होती है।”