UP में सपा नेता जीतू ने 3 भाजपाई दोस्तों को उतारा मौत के घाट, बर्थडे पार्टी में केक को लेकर हुआ झगड़ा तो सिर में उतारी गोलियाँ: बुलंदशहर पुलिस ने शुरू की जाँच

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा में शनिवार (25 अप्रैल 2026) की देर रात एक जन्मदिन की पार्टी खूनी वारदात में बदल गई। यहाँ एक मामूली विवाद ने हिंसक रुप ले लिया और समाजवादी पार्टी से जुड़े जीतू ने अपने 3 भाजपाई दोस्तों मनीस सैनी, आकाश सैनी और अमरदीप सैनी को गारी मार दी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में आरोपित जीतू सैनी अपना जन्मदिन मना रहा था। पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच हंसी-मजाक चल रहा था, तभी केक लगाने की बात पर कहासुनी हो गई। मजाक में चेहरे पर केक लगाने से जीतू भड़क गया और विवाद बढ़ता चला गया।

देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और जीतू ने अपने साथियों के साथ मिलकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में मनीष सैनी (30), आकाश सैनी (19) और अमरदीप सैनी (32) को सिर में कई गोलियाँ लगीं। तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह सबूत मिटाने के लिए जिम में लगा सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गया। तीनों मृतक भाजपा से जुड़े बताए जा रहे हैं, जबकि आरोपित जीतू सैनी समाजवादी पार्टी का पूर्व नगर अध्यक्ष रह चुका है। हालाँकि पुलिस ने अभी तक किसी राजनीतिक एंगल की पुष्टि नहीं की है।

इलाके में तनाव, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और जाँच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया गया है और आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।

शुरुआती जाँच में यह मामला पार्टी के दौरान हुए झगड़े से जुड़ा सामने आया है, लेकिन सभी पहलुओं की जाँच की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।